न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
वरिष्ठ पत्रकार प्रफुल्ल केतकर ने कहा कि पत्रकारिता एक हथियार है। इसका प्रयोग सोच समझकर सकारात्मक होना चाहिए। देवर्षि नारद भारत में आदर्श पत्रकारिता के प्रतीक हैं।
श्री केतकर रविवार को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ द्वारा रामघाट रोड स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम देवर्षि नारद की जयंती पर आयोजित किया गया था। इसमें पत्रकारों को सम्मानित किया गया।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों का दायित्व है कि सत्य समाज के सामने प्रेषित हो जो कि सर्वकल्याणकारी भी होना चाहिए। स्वयं नारद तीन सूत्रों पर कार्य करते थे। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के भ्रामक प्रचार से समाज को बचाना है और तथ्य पूर्ण खबरों को ही आगे बढ़ाना है।
जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने कहा कि भारतीय परंपराओं को मानना एवं उनकी जानकारी समाज को देना निश्चित ही सराहनीय कार्य है। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह, वरिष्ठ पत्रकार प्रफुल्ल केतकर, डॉ. राजीव अग्रवाल, ललित कुमार, जितेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर दयाल कुमार, महेश कुमार, भूपेंद्र शर्मा आदि मौजूद थे।