न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
चंडौस ब्लाक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ने 22 एएनएम और 51 आशाओं को फार्म सत्यापन के लिए 15 लाख 62 हजार और 600 रुपये का भारीभरकम भुगतान कर दिया है, जिससे स्वास्थ्य विभाग के लेखाधिकारी भी चकरा गए हैं।
पूरे मामले में लाखों रुपये के गोलमाल की आशंका को देखते हुए बीती 17 मई को तत्कालीन सीएमओ डॉ. एमएल अग्रवाल ने इस प्रकरण के जांच के आदेश कर दिए थे।
चंडौस के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक से पांच दिन के अंदर रिपोर्ट तलब की गई थी, लेकिन इस बीच सीएमओ डॉ. एमएल अग्रवाल का तबादला मुरादाबाद हो गया और उनके स्थान पर आगरा से डॉ. अशोक कुमार सीएमओ बन कर अलीगढ़ आ गए।
अब इसकी जांच रिपोर्ट सोमवार को आने की उम्मीद है। अब नए सीएमओ डॉ. अशोक कुमार के समक्ष ये प्रकरण मय रिपोर्ट के पेश किया जाना है। इस मामले में बरौली विधायक ठा. दलवीर सिंह के एक करीबी ने शासन में भी शिकायत की है। जिसकी जानकारी बरौली विधायक को दी गई है।