क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
किसानों के मसीहा पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिलाने के लिए चौ. चरण सिंह किसान-मजदूर संघ आंदोलन की रणनीति बनाने लगा है। इससे पहले वह पूर्व प्रधानमंत्री की 29 मई को 31 वीं पुण्य तिथि पर महापंचायत कर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपेगा।
सेंटर प्वाइंट स्थित एक होटल में हुई प्रेस वार्ता में पदाधिकारियों ने बताया कि देश के पांचवें प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 31वीं पुण्यतिथि पर 29 मई को खैर-अलीगढ़ रोड पर खैर थाने के सामने दोपहर 12 बजे से महापंचायत होगी।
इसमें किसानों को कृषि उत्पाद का लाभकारी मूल्य, आवारा पशुओं से फसलों की सुरक्षा, जैविक कृषि एवं जैविक उत्पादों के उपयोग पर जोर, सस्ती शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और रोजगार, अलीगढ़ मंडल में राजा महेंद्र प्रताप विश्वविद्यालय की स्थापना, बेरोजगारों को भत्ता, 60 वर्ष से अधिक आयु के वृद्धजनों को पेंशन के मुद्दे पर चर्चा होगी।
इसके बाद पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को श्रद्धांजलि देने के बाद उन्हें भारत रत्न दिलवाने के लिए राष्ट्रपति को ज्ञापन डीएम के माध्यम से भेजा जाएगा।
इस दौरान संघ के अध्यक्ष डॉ. ओमवीर सिंह, उपाध्यक्ष चौ. नरपाल सिंह, चौ. अनिल कुमार, महासचिव मास्टर विजय सिंह, सचिव पूरनमल, सह सचिव रामेश्वर शर्मा, कोषाध्यक्ष कमल चौधरी, प्रधान संजय सिंह, जिला महासचिव भाकियू वीरेन्द्र सिंह, चौ. गुलजार सिंह आदि मौजूद थे।