एक अक्तूबर को रक्तदान में उमड़ेंगे महादानी
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी एक अक्तूबर को विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर अमर उजाला और मलखान सिंह जिला अस्पताल के ब्लड बैंक के सहयोग से एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी अवसर पर रक्तदान के प्रति जागरूकता गोष्ठी भी आयोजित की जाएगी, जिसमें रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियां दूर की जाएंगी।
जिला अस्पताल के ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. अनुराग कुमार राजवंशी ने बताया कि रक्तदान के विषय में पहले की अपेक्षा जागरूकता आई है, लेकिन अभी भी समाज में बहुत भ्रांतियां हैं। यह जानने की जरूरत है कि रक्तदान से कोई नुकसान नहीं, बल्कि शरीर को लाभ ही होता है।
साथ ही एक व्यक्ति का दिया गया रक्त चार व्यक्तियों की जान बचाता है। कार्यक्रम में रक्तदान के साथ ही रजिस्ट्रेशन भी कराए जा सकते हैं, जिससे रजिस्ट्रेशन कराने वाले बाद में आकर रक्तदान कर सकते हैं। रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को सम्मानित भी किया जाएगा। साथ ही प्रशस्ति पत्र भी दिए जाएंगे।
कार्यक्रम में सहयोगी संस्थाएं
- पर्यावरण सुरक्षा समिति, हरीतिमा
- नागरिक चेतना समिति
- उड़ान सोसायटी
- अलीगढ़ हेल्पलाइन
- माहेश्वरी क्रिएटिव क्लब
- मामू भांजा इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रोनिक्स गुड्स एसोसिएशन
- स्वर साधना संस्था
- सलमानी एकता मंच
- वरुण केवल नेटवर्क