बैंक्वेट हाल पर चला बुलडोजर, करोड़ों की जमीन कब्जा मुक्त
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
तालानगरी औद्योगिक क्षेत्र में उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम (यूपीएसआईडीसी) की जमीन पर कब्जा कर बनाए गए श्री बालाजी बैंक्वेट हाल को बुलडोजर से ध्वस्त कर खाली करा लिया गया। इसके साथ ही इस अभियान में करीब चार करोड़ रुपये मूल्य की दस हजार वर्गमीटर भूमि खाली कराई गई है।
बृहस्पतिवार को यूपीएसआईडीसी एवं जिला प्रशासन की ओर से तालानगरी औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर 2 में अभियान चलाया गया। इस अभियान में निगम के खसरा संख्या 245 पर अतिक्रमणकारी चौ. हीरालाल द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर श्री बालाजी बैंक्वेट हाल का संचालन किया जा रहा था।
इसके अतिरिक्त खसरा संख्या 263 एवं 264 की भूमि पर अवैध रूप से चौ. हीरालाल द्वारा अतिक्रमण कर प्लाटिंग करते हुए कॉलोनी काट दी गई थी। दल-बल के साथ पहुंची यूपीएसआईडीसी की क्षेत्रीय प्रबंधक स्मिता सिंह ने निगम की करीब दस हजार वर्गमीटर भूमि को खाली करा लिया।
मौके पर एसडीएम कोल के अतिरिक्त राजस्व विभाग की पूरी टीम, हरदुआगंज थानाध्यक्ष एवं यूपीएसआईडीसी के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।
आरएम स्मिता सिंह ने बताया कि खसरा संख्या 243 की भूमि पर भी अतिक्रमण किया गया है, किंतु कुछ भाग पर न्यायालय द्वारा यथास्थिति का आदेश प्रभावी होने के कारण कोई कार्यवाही नहीं की गई। आरएम स्मिता सिंह ने बताया कि एंटी भू माफिया टास्क फोर्स की मीटिंग में अवैध कब्जा को मुक्त कराने का निर्णय लिया गया था।
अधिकारियों को टंगवा देने की दी धमकी
अतिक्रमणकारी चौ. हीरालाल की सीनाजोरी देख अधिकारी हतप्रभ रह गए। आरएम स्मिता सिंह ने बताया कि कब्जाधारक अपनी निजी भूमि पर बने मंदिर को जेसीबी से तुड़वाकर अधिकारियों को फंसाने की धमकी दे रहा था।
वह कह रहा था कि जेसीबी से मंदिर तुड़वाकर उसका वीडियो मुख्यमंत्री को भेज दूंगा और अधिकारियों तथा कर्मचारियों को टंगवा दूंगा। उन्होंने बताया कि अतिक्रमित भूमि में आने के बावजूद मंदिर परिसर एवं बाउंड्री पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
उसका वीडियो भी बनवा लिया गया है। एसडीएम कोल डॉ. पंकज वर्मा ने सभी लेखपाल कानूनगो को हिदायत दी कि बिना उनकी अनुमति के अतिक्रमण से मुक्त कराई गई भूमि पर किसी प्रकार की नाप-जोख नहीं की जाए।