तीन माह या उससे अधिक समय से राशन न लेने वाले जिले के 30 हजार उपभोक्ताओं के राशन कार्ड निरस्त हो सकते हैं। इससे पूर्व पूर्ति विभाग इन उपभोक्ताओं द्वारा राशन न लेने के कारणों की पड़ताल में जुटा हुआ है। सबसे ज्यादा ध्यान माइग्रेशन पर दिया जा रहा है।
जिला पूर्ति अधिकारी चमन शर्मा ने बताया कि काम काज मसलर्न इंट भट्टे, मेले तमाशे में स्टाल आदि पर काम के सिलसिले में कई बार राशन कार्ड धारक परिवार दूसरे जिले अथवा प्रदेशों में कुछ माह के लिए चला जाता है और काम खत्म होने के बाद वापस आ जाता है।
ऐसे पात्र व्यक्तियों और उनके परिवारों की जानकारी जुटाई जा रही है। कोशिश यह है कि किसी भी पात्र व्यक्ति का कार्ड न कटे। बताते चलें कि जिले में करीब सवा छह लाख कार्ड धारक हैं।
इनमें से 30 हजार लोग ऐसे हैं जो तीन माह या उससे ज्यादा समय से राशन नहीं ले रहे हैं। इनमेंकरीब पांच हजार शहरी व करीब 25 हजार ग्रामीण क्षेत्र के राशन कार्ड धारक शामिल हैं।