ईद और रक्षाबंधन पर कानून और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस सख्त हो गई है। एडीएम सिटी राकेश मालपाणी ने 30 मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है। वहीं, एसपी सिटी अभिषेक ने इतने ही पुलिसकर्मियों को तैनात किया है। 31 जुलाई सुबह छह बजे से इनकी ड्यूटी शुरू होकर तीन जुलाई की रात को समाप्त होगी। एडीएम सिटी ने कहा कि अराजक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। मजिस्ट्रेटों को सख्त निर्देश हैं कि ऐसे लोगों पर तत्काल मुकदमा दर्ज कराकर जेल भेजा जाए। संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पहरा देने के निर्देश दिए हैं।
एडीएम सिटी के मुताबिक ईदगाह मस्दिज, ईदगाह संपूर्ण क्षेत्र, देहली गेट, कोतवाली, सासनी गेट, बन्नादेवी व गांधी पार्क, सिविल लाइंस व क्वार्सी, देहली गेट चौराहे से हीरानगर चौराहा व सराया कावा तिराहा, चौकी तुर्कमान गेट व भुजपुरा, सब्जी मंडी, चंदन शहीद तिराहा, जामा मस्जिद के दक्षिण-पश्चिम, कोना गली बालाये किला, मिनी बस अड़्डा मस्जिद के पीछे की तरफ, चरखवालान चौराहा, पानी की टंकी के सामने गोविंद नगर मोड़, कर्बाला रोड तिराहा, जमालपुर चौकी, हबीब हॉल के सामने, क्वार्सी बाईपास मस्जिद को सेक्टर में तब्दील किया गया है।
पीस कमेटियों संग बैठक कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील
जिलाधिकारी व एसएसपी ने सभी थानों के अध्यक्षों और संबंधित एसडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट, एसीएम द्वितीय व प्रथम को निर्देश दिए हैं कि वह अपने-अपने थानों में पीस कमेटियों की बैठक कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील करें। साथ ही उनका कानून व्यवस्था में भरोसा बना। इसको लेकर सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट विनीत कुमार सिंह व सीओ प्रथम शुभम पटेल ने कोतवाली थाना, सासनी गेट थाना व देहली गेट थाने में बकरीद एवं रक्षा बंधन को लेकर पीस कमेटी की बैठक की
उन्होंने लॉक डाउन के नियमों का पालन करने के साथ साथ सभी को आपसी भाईचारे के साथ रहने के निर्देश दिए। इसके साथ ही स्पष्ट किया कि बकरीद व रक्षाबंधन त्योहार पर किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नही की जाएगी। इधर, एसीएम द्वितीय रंजीत सिंह ने सीओ तृतीय के साथ मिलकर क्वार्सी व सिविल लाइंस थाने में पीस कमेटी की बैठक की। उन्होंने भी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने के निर्देश दिए। देहात के सभी थानों में संबंधित एसडीएम, सीओ व थानाध्यक्षों ने भी बैठक की।