काॅलर ने खुद को पीएनबी का अधिकारी बताया और उनसे खाते से संबंधित जानकारी ली। उनके मोबाइल की आउटगोइंग बंद हो गई। जब वह जियो स्टोर पर बायोमीट्रिक के संबंध में गए तो पता चला कि उसका ई-सिम निकल गया है। खाता चेक कराया तो 27.20 लाख रुपये उसके खाते से पार हो चुके थे।
अलीगढ़ में थाना बन्नादेवी क्षेत्र के एक व्यापारी से हुई साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने 1.20 लाख रुपये होल्ड करा दिए हैं। इस मामले में पीड़ित ने रुपये वापस न मिलने पर मुख्यमंत्री, एसएसपी व बैंक प्रबंधक से शिकायत की है।
विज्ञापन
थाना बन्नादेवी क्षेत्र के रघुवीरपुरी स्थित संकल्प अपार्टमेंट निवासी जागेश कुमार वार्ष्णेय ने साइबर क्राइम थाने में मुकदमा कराया था। इसमें उन्होंने कहा कि 16 जुलाई को पीएनबी की श्री वार्ष्णेय कॉलेज की शाखा में मोबाइल पर व्हाट्सएप पर एक काॅल आई। काॅलर ने खुद को पीएनबी का अधिकारी बताया और उनसे खाते से संबंधित जानकारी ले ली। 19 जुलाई को उनके मोबाइल की आउटगोइंग बंद हो गई।
28 जुलाई को जब वह जियो स्टोर पर बायोमीट्रिक के संबंध में गए तो पता चला कि उसका ई-सिम निकल गया है और बायोमीट्रिक अभी भी लाॅक थी। खाता चेक कराया तो 21 से 25 जुलाई के बीच में 27.20 लाख रुपये उसके खाते से पार हो चुके थे। इस मामले में पुलिस ने 1.20 लाख रुपये होल्ड कराए हैं। अब पीड़ित ने मुख्यमंत्री समेत अन्य अधिकारियों से शिकायत करते हुए रुपये वापस दिलाने की गुहार लगाई है।