जिले की सड़कों पर दौड़ रहे 15 साल पुराने 25953 वाहनों को हटाया जाएगा। परिवहन विभाग ने इन वाहनों के रजिस्ट्रेशन निरस्त करते हुए कबाड़ घोषित कर दिया है।यह सभी वाहन निजी हैं और इनमें दोपहिया और चार पहिया वाहन शामिल हैं। परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीम और यातायात पुलिस को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सहायक संभागीय अधिकारी (प्रशासन) रंजीत सिंह ने बताया कि परिवहन विभाग ने अलीगढ़ जिले के 25953 वाहनों को चिह्नित किया है। यह सभी 15 साल पुराने वाहन हैं। इनके वाहन स्वामियों ने रजिस्ट्रेशन रिन्यू नहीं कराए हैं। साथ ही कुछ वाहन ऐसे हैं, जिनकी स्थिति खराब होने के चलते परिवहन विभाग ने रजिस्ट्रेशन रिन्यू नहीं किया है। इन सभी के रजिस्ट्रेशन निरस्त कर दिए गए हैं। अब इनको सड़कों से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इन सभी वाहनों को कबाड़ में कटवाया जाएगा। वाहन स्वामियों को नोटिस भी जारी किए जा रहे हैं। वाहन स्वामियों को साफ आदेश है कि वह स्वयं वाहन को कबाड़ में कटवाकर परिवहन विभाग को सूचना दे दें। अगर, वह वाहन को सड़क पर चलाते पकड़े गए तो परिवहन विभाग वाहन जब्त कर लेगा।