न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
पं. दीन दयाल उपाध्याय के 102वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में अंत्योदय दिवस का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि व शहर विधायक संजीव राजा ने इस अवसर पर उप्र कौशल विकास मिशन के अंतर्गत 228 प्रशिक्षित लाभार्थियों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र एवं 25 लाभार्थियों को नियुक्ति प्रमाण पत्र वितरित किये।
उन्होंने कहा कि हम सभी को पं. दीन दयाल उपाध्याय के बताए मार्ग पर चलकर देश को बुलंदियों तक ले जाना होगा। संस्थान के प्रधानाचार्य नवाब सिंह ने बताया कि अंत्योदय दिवस के अवसर पर प्रशिक्षण प्रदाता बॉसन इंस्टीटूयट ऑफ इन्फारमेशन टैक्नोलॉजी द्वारा जिलाधिकारी कार्यालय में ग्रामीण विकास एवं सामाजिक सेवा संस्थान द्वारा बस स्टैंड एवं तहसील कार्यालय पर, फ्यूचर शेप सोशल एजूकेशनल सोसाइटी द्वारा रेलवे स्टेशन पर तथा प्रशिक्षण प्रदाता राजीव गांधी कंप्यूटर साक्षरता सोसाइटी द्वारा विकास भवन कार्यालय में जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर की स्थापना की है।
यह लोग जनपद के युवाओं को जागरूक कर रहे हैं। इस अवसर पर संयुक्त निदेशक प्रशिक्षण वीके विश्वकर्मा, केडी राजूपत, फैजान खान, मनीषा पांडेय आदि उपस्थित थे।