न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
घरों के ऊपर से गुजर रही 11 हजार केवी की लाइन हटवाने को लेकर क्वार्सी होली चौक इलाके की महिलाओं ने बुधवार को लाल डिग्गी स्थित बिजली विभाग के कार्यालय पर जमकर प्रदर्शन किया और घेराव किया। बाद में वहां पर अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों का प्रार्थना पत्र स्वीकार करने और गुरुवार को इलाके में एक टीम भेजने के आश्वासन पर मामला शांत हुआ।
क्वार्सी के होली चौक मोहल्ले में घरों के ऊपर से गुजर रही हाईवोल्टेज लाइन की चपेट में आकर दो दिन पहले ही एक व्यक्ति झुलस गया। वह इस समय आईसीयू में भर्ती है। इसी तरह पहले एक बच्ची की मौत भी हो चुकी है।
इलाके के शैलेंद्र सिंह कहते हैं कि कई बार इस लाइन को हटवाने के लिए फरियाद की गई। कुछ दिन पहले क्षेत्र के लोग मुख्य अभियंता मुकुल सिंघल के पास भी गए।
उन्होंने कहा कि यह काम लाल डिग्गी स्थित एसडीओ स्तर से होगा। इसके बाद वह एसडीओ के पास पहुंचे, लेकिन काफी समय गुजर जाने के बाद भी जब समाधान नहीं हुआ तो फिर से मुख्य अभियंता के पास गए।
उन्होंने कहा कि मैंने तो वहां कह दिया है। अब वह लोग नहीं सुन रहे तो मैं क्या कर सकता हूं? इसके बाद स्थानीय लोगों का धैर्य जवाब दे गया। बुधवार को क्षेत्र की कुसुमलता, फौजिन आंटी, सती, मीना, सुमन, राजवती सहित दर्जनों महिलाएं लाल डिग्गी स्थित विभाग के कार्यालय पहुंच गईं और जमकर प्रदर्शन और हंगामा किया।
बाद में अधिकारी मौके पर पहुंचे। भरोसा दिलाया कि नए सिरे से प्रार्थना पत्र दे दें। गुरुवार को विभाग की टीम इलाके में पहुंचेगी और स्थिति का आकलन करेगी। जिसके बाद लाइन शिफ्टिंग का काम होगा। इसके बाद ही हंगामा शांत हुआ।