प्रधानमंत्री योजना उज्जवला महिलाओं को गैस कनेक्शन वितरित करते सांसद सतीश गौतम। साथ में केके तिवारी, महेंद्र सिंह यादव, प्रतीक घेलोक, सज्जू ईशाक।
- फोटो : अलीगढ़/ब्यूरो
पांच करोड़ से अधिक निर्धन परिवार की महिलाओं को नि: शुल्क एलपीजी कनेक्शन देने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उज्जवला योजना जनपद में पहली बार जमीन पर उतरती नजर आई। आगरा रोड स्थित गंगा सेलीब्रेशन में आयोजित कार्यक्रम में गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाली 207 महिलाओं को नि:शुल्क गैस सिलेंडर, रेग्यूलेटर, पाईप एवं किताब दी गई तो उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। इसके साथ ही लकड़ी एवं कोयले के चूल्हे के साथ-साथ हानिकारक धुंए और आग की तपिश से जीवन भर के लिए मुक्ति मिल गई। दुर्गा गैस सर्विस के कमलकांत तिवारी द्वारा आयोजित प्रधानमंत्री उज्जवला कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद सतीश गौतम ने किया। कमलकांत तिवारी एवं अर्पित तिवारी ने योजना के लाभार्थियों का ब्योरा तैयार किया था। कार्यक्रम का संचालन एचपीसीएल के एरिया मैनेजर एमएस यादव एवं राजेश शुक्ला ने किया। इस अवसर पर सांसद प्रवक्ता संदीप चाणक्य, मुकेश सिंह, सुमित माथुर, गौरव माहेश्वरी, उदयवीर सिंह, दिनेश सिंह, उमेश सिंह, सुनील शर्मा, यूसुफ बेग आदि के साथ विभिन्न गैस एजेंसियों के संचालक मौजूद थे।
क्या है प्रधानमंत्री उज्जवला योजना
प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के अंतर्गत गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले देश के 5 करोड़ परिवारों को नि:शुल्क एलपीजी कनेक्शन उपलब्ध कराना है। इसका शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। इस महत्वाकांक्षी योजना को भारत सरकार के पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अंतर्गत चलाया जाएगा। इसके लिए 8000 करोड़ का बजट बनाया गया है। इससे जीवाश्म इंधन के उपयोग के कारण होने वाले वायु प्रदूषण में कमी आएगी और महिलाओं के स्वस्थ पर प्रतिकूल असर नहीं पड़ेगा। इस योजना के कार्यान्वयन के लिए ‘गिव-इट-अप’ अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत अब तक 1.13 करोड़ लोगों ने गैस सब्सिडी छोड़ दी है और भारत सरकार ने अब तक 5000 करोड़ रुपये सब्सिडी में बचा लिए है।