न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
कांग्रेस पार्टी की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी वाड्रा यहां से पार्टी प्रत्याशी चौ. बिजेंद्र सिंह के लिए प्रचार करने अलीगढ़ आ सकती हैं। जबकि पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी का आगमन उनके अन्य कार्यक्रमों के शेड्यूल पर निर्भर है।
पार्टी की ओर से उनका कार्यक्रम लेने के लिए प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। अगर वह यहां पर आती हैं तो यह उनका पहली बार अलीगढ़ आगमन होगा। उनकी दादी पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी जरूर दो बार अलीगढ़ आई थीं। पुराने लोगों को इंदिरा गांधी का यहां पर आना आज भी याद है।
कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में पहले भी सोनिया गांधी, राहुल गांधी कई बार अलीगढ़ आ चुके हैं। राहुल गांधी यहां पर सबसे ज्यादा बार आए हैं। इससे पहले राजीव गांधी और इंदिरा गांधी भी यहां पर प्रचार के सिलसिले में आ चुके हैं।
कांग्रेसी विचारक हरिश्चंद्र शर्मा कहते हैं कि यहां से सांसद रहे जमाल ख्वाजा के प्रचार में इंदिरा गांधी आई थीं। इसके बाद इमरजेंसी के बाद हुए चुनाव में प्रचार के लिए उनका अलीगढ़ आना हुआ।
सन 1990-91 के लोकसभा चुनाव में प्रचार के लिए राजीव गांधी आखिरी बार नुमाइश मैदान में अलीगढ़ आए थे। यहां आने के 15 दिन बाद ही वह आत्मघाती हमले का शिकार हो गए थे।
अब मौजूदा लोकसभा चुनाव में पार्टी के प्रयास प्रियंका गांधी वाड्रा के लिए हैं। उनके यहां पर आने की प्रबल संभावना भी है। क्योंकि वह उत्तर प्रदेश की प्रभारी हैं।
पार्टी स्तर से भी उनके यहां पर सभा करने के संकेत दिए गए है। उनके यहां पर आने पर लोग स्वाभाविक रूप से उनमें उनकी दादी स्वर्गीय इंदिरा गांधी का अक्स देखेंगे।