न्यूज, डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
पूर्व विधायक हाजी जमीरउल्लाह खां ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार को ज्ञापन देकर दुबई में 22 दिसंबर को प्रस्तावित सर सैयद ग्लोबल एक्सीलेंस लीडरशिप अवार्ड 2018 समारोेह के आयोजकों की जांच कराने की मांग की है।
उन्होंने आरोप लगाया है कि एएमयू से संबंध रखने वाले कार्यक्रम के आयोजक पाकिस्तानी नागरिक को अवार्ड प्रदान कर रहे हैं। जबकि पाकिस्तान से हमारे देश के रिश्ते अच्छे नहीं है और पाकिस्तानी सैनिक लगातार हमारे देश को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
हाजी जमीरउल्लाह खां का कहना है कि सर सैयद ग्लोबल एक्सीलेंस लीडरशिप अवार्ड 2018 समारोह का आयोजन एक इवेंट कंपनी द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कुलपति से इवेंट कंपनी के मालिक के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्यवाही की मांग की है। इस कार्यक्रम में पाकिस्तान के कराची के यूनिवर्सिटी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के संस्थापक स्व. जिल्ले अहमद निजामी को किस हैसियत से सम्मानित किया जा रहा है?
इससे एएमयू के नाम की बदनामी होगी। हाजी जमीरउल्लाह खां का कहना है कि जब हमारे देश और पाकिस्तान केे बीच रिश्ते खराब है। पाकिस्तान हमारे सैनिकों को व हमारे देश को लगातार नुकसान पहुंचाता है। ऐसे में किसी पाकिस्तानी को सर सैयद अवार्ड देना 125 करोड़ भारतवासियों के दिल को दुखाने वाला काम है।
लोग एएमयू पर भी अंगुली उठाएंगे। पूर्व विधायक ने पूर्व छात्र परवेज सिद्दीकी का उल्लेख करते हुए कहा है कि उसने एएमयू के नाम पर राजस्थान के अधिकारियों की आंखों में धूल झोंक कर इस संस्थान के नाम को धूमिल किया था। बाद में वह पकड़ा गया था। उन्होंने एएमयू एवं भारत सरकार से इस मामले की गहनता से जांच कराने की मांग की है।
--
सर सैयद ग्लोबल एक्सीलेंस लीडरशिप अवार्ड 2018 समारोह से एएमयू का कोई संबंध नहीं है। यदि कोई सर सैयद के नाम पर फाउंडेशन या कार्यक्रम करता है तो हम क्या कर सकते हैं। सर सैयद अहमद खान के नाम का एएमयू ने पेटेंट नहीं कराया है।
- अब्दुल हमीद (आईपीएस), एएमयू रजिस्ट्रार