न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
अमर उजाला फाउंडेशन, स्वास्थ्य विभाग, महावीर शिक्षण संस्था राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के साथ मिलकर 14 नवंबर को विश्व डायबिटीज (मधुमेह) दिवस के अवसर पर एक जागरूकता रैली डायबिटीज वाक का आयोजन कर रहा है।
इसमें टीवी सीरियल ‘भाभी जी घर पर हैं’ और ‘जीजा जी छत पर हैं’ के पटकथा लेखक मनोज संतोषी के साथ शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाएं, छात्र-छात्राएं और संगठन शामिल होंगे।
रैली दोपहर 12:30 बजे अलीगढ़ पब्लिक स्कूल से शुरू होगी, जो कि यूनिवर्सिटी सर्किल, कलेक्ट्रेट तिराहा, कोषागार, तस्वीर महल चौराहा, पुलिस कंट्रोल रूम, टेलीफोन एक्सचेंज, लाल डिग्गी तिराहे होकर अलीगढ़ पब्लिक स्कूल पर ही समाप्त होगी।
रैली में सीएमओ डॉ. एमएल अग्रवाल, महावीर शिक्षण संस्थान की रेशमा, मास कालेज, हरीतिमा, माहेश्वरी क्रिएटिव क्लब के अध्यक्ष संजय माहेश्वरी व अन्य पदाधिकारी सहित स्कूली छात्र-छात्राएं झंडे बैनर के साथ शामिल होंगे। रैली के दौरान डायबिटीज से बचाव की जानकारी भी दी जाएगी।
इस आयोजन में स्वास्थ्य विभाग के नान कम्यूनिकेबल डिसीज विभाग की भी भूमिका है। बच्चों की टाइप वन डायबिटीज के उपचार में हुए मेडिकल एडवांसमेंट का प्रशिक्षण देने वाले डॉ. विकास मल्होत्रा भी शिरकत करेंगे।
वह कहते हैं कि सन 2030 तक डायबिटीज एक महामारी होगी। इसका बचाव ही उपाय है। दिनचर्या में कुछ साधारण बदलाव करके, इससे बचाव किया जा सकता है।