न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
कश्मीर के कुपवाड़ा में शहीद जवान के गांव मूसेपुर जाने वाली सड़क का नाम अमर शहीद दलवीर सिंह मार्ग होगा। यह आश्वासन सांसद सतीश गौतम ने दिया है। इस संबंध में उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा है।
सांसद सतीश कुमार गौतम बुधवार को मूसेपुर जाकर शहीद के परिजनों से मिले और वीर जवान के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने जिला प्रशासन से वार्ता कर शासन द्वारा दिए गए 25 लाख रुपये की मदद में शेष बचे 5 लाख रुपये कल तक दिलवाने का प्रबंध करने को कहा।
इसके साथ ही ग्राम लोधा से मूसेपुर को जाने वाले संपर्क मार्ग को अमर शहीद के नाम पर किये जाने का निर्देश दिया। सांसद सतीश कुमार गौतम ने बताया कि 23 अगस्त को जिला प्रशासन के साथ पुन: मूसेपुर में राहत प्रदान करने के लिए उपस्थित रहेंगे।