न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
यदि आपने हाईस्कूल की परीक्षा नहीं दी है तो अब आपका ड्राइविंग लाइसेंस नहीं बनेगा। जी हां, यह परिवहन विभाग द्वारा जारी हुई नई गाइड लाइंस में है। वर्तमान में सारथी-4 सॉफ्टवेयर भी हाईस्कूल से नीचे की मार्कशीट को मान्य नहीं कर रहा है। हालांकि पूर्व में जो ड्राइविंग लाइसेंस जारी हो चुके हैं, उन्हें इसका नवीनीकरण कराने में परेशानी नहीं होगी।
सारथी-4 सॉफ्टवेयर जारी होने से पहले आठवीं, पांचवीं की मार्कशीट पर लोग अपनी मनचाही जन्मतिथि लिखवाकर ड्राइविंग लाइसेंस बनवा लेते थे, लेकिन वर्तमान में जब से सॉफ्टवेयर सारथी-4 साफ्टवेयर शुरू हुआ है, वह हाईस्कूल से नीचे की मार्कशीट या अन्य किसी कागज को मान्य नहीं कर रहा है।
सॉफ्टवेयर में यदि हाईस्कूल से नीचे का कोई कागज लोड किया जाता है तो वह उसे रिजेक्ट कर देता है। एआरटीओ प्रशासन रंजीत सिंह ने बताया कि पूर्व में मैनुअल काम होता था और ऐसा कोई आदेश भी नहीं था।
तब जन्मतिथि का कोई भी मान्य कागज लगाकर ड्राइविंग लाइसेंस बना दिया जाता था। वर्तमान में सारथी-4 सॉफ्टवेयर में जैसे ही हाईस्कूल से नीचे का कोई कागज जन्मतिथि के लिए लगाया जाता है तो वह उसे रिजेक्ट कर देता है।
मार्कशीट व आधार कार्ड में जन्मतिथि हो एक
ड्राइविंग लाइसेंस के सॉफ्टवेयर सारथी-4 में यदि आधार कार्ड और हाईस्कूल की मार्कशीट में जन्मतिथि में अंतर है तो भी ड्राइविंग लाइसेंस नहीं बनेगा। संभागीय निरीक्षक बीके चौधरी ने बताया कि परिवहन मंत्रालय से जारी हुए निर्देश के अनुसार मार्कशीट और आधार कार्ड में जन्मतिथि भी एक होनी चाहिए।
आधार कार्ड और हाईस्कूल की मार्कशीट में जन्मदिन में अंतर होने पर लोगों को परेशानी का सामना अवश्य करना पड़ रहा है। चूंकि शुरू में जब आधार कार्ड बने थे तो जन्मतिथि की तारीख और महीना नहीं लिखा जाता था। जबकि वर्तमान में बन रहे आधार कार्ड में दिन, महीना और वर्ष तीनों लिखा रहता है।