क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर में डग्गेमार वाहन संचालकों का गैंग रोडवेज अधिकारियों पर हावी होता जा रहा है। इसी का नतीजा है कि रोडवेज बस स्टैंड के सामने से गाड़ी खड़ी करके यात्रियों को बिठाया जाता है। विरोध करने पर बस स्टैंड पर मौजूद कर्मचारियों को रात चौकी में बितानी पड़ती है।
गांधी पार्क एवं मसूदाबाद बस स्टैंड के सामने से डग्गेमार वाहन चालक और गुर्गे आवाज लगाकर सवारियों को अपने वाहन में बिठाते हैं। रोडवेज के कर्मचारी एवं चालक परिचालक इसका विरोध करते हैं तो अधिकारी उन्हें सहयोग नहीं करते हैं।
एक सप्ताह पहले गांधी पार्क बस स्टैंड पर तैनात रोडवेज के कर्मचारियों ने एक डग्गेमार बस को भरवा रहे गुर्गे का विरोध किया तो उसने इसकी चौकी में शिकायत कर दी। इस मामले में पुलिस ने भी तुरंत एक्शन लिया और दोनों कर्मचारियों को गांधी पार्क बस स्टैंड स्थित चौकी में बिठा दिया।
कर्मचारियों ने बताया कि उन्होंने एआरएम बुद्ध विहार योगेंद्र प्रताप सिंह को फोन किया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा। अंत में उन्होंने गुर्गे से माफी मांगी और चौकी से बाहर निकले। इसके बाद उन्होंने किसी भी डग्गेमार वाहन चालक से कुछ भी कहने की तौबा कर ली।
मेरे संज्ञान में मामला नहीं है। यदि ऐसा था तो दूसरे दिन कर्मचारियों की इसकी शिकायत करनी चाहिए थी। अपने स्तर से कार्यवाही कराता। रही बात डग्गेमारी की तो इसे रोकने के लिए कुछ लोगों को तैनात किया है।
योगेंद्र प्रताप सिंह, एआरएम बुद्ध विहार