क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
मानव सेवादल संस्थान ने गत दिनों दादों एवं टप्पल में हुए पुलिस एनकाउंटरों को फर्जी करार देते हुए इसकी जांच सीआईडी से कराने की मांग की। संस्थान के पदाधिकारियों ने इस संबंध में एक ज्ञापन अपर नगर मजिस्ट्रेट द्वितीय अनिल कुमार त्रिपाठी को दिया।
इस दौरान मानव सेवा दल संस्थान के अध्यक्ष केबी मौर्य ने कहा कि पुलिस का काम अपराधी या आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश करना है न कि एनकाउंटर के नाम पर हत्या करना।
पूरे प्रदेश में शासन की शह पर ही पुलिस एनकाउंटर के नाम पर हत्याओं को अंजाम दे रही है। उन्होंने बताया कि ज्ञापन में सभी मुठभेड़ों की जांच मजिस्ट्रेट या सीआईडी से कराने, सभी एनकाउंटरों की एफआईआर दर्ज कराने, जांच रिपोर्ट मानवाधिकार आयोग को भेजने की मांग की है।
इस दौरान जिलाध्यक्ष प्रेरणा ठाकुर, जय भीम जन कल्याण संस्थान के सचिव महेंद्र सिंह, रजत प्रताप सिंह, नदीम अल्वी, मंजीत चक्रवर्ती, सानिध्य मौर्य, राहुल गौतम, बबलू कुमार, भगवान सिंह मौजूद थे।