पीडब्ल्यूडी मंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने माना काम में सुस्ती
ब्यूरो,अमर उजाला , अलीगढ़।
अलीगढ़ पलवल रोड कई जगह से खस्ताहाल होने के बाद भी अब तक बन नहीं सका है। सड़क पर सैकड़ों गड्ढे हो चुके हैं, जिनको गड्ढा मुक्ति अभियान में नहीं भरा गया है। ये हाल तब है जब इस टू लेन सड़क को फोरलेन बनाने का शासनादेश और 552 करोड़ रुपये का बजट पास हो चुका है।
जिले की इस प्रमुख सड़क के संबंध में अलीगढ़ के शिक्षक विधायक जगवीर कि शोर जैन ने विधान परिषद में सवाल उठाया तो प्रदेश सरकार के डिप्टी सीएम और पीडब्ल्यूडी मंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इसका जवाब दिया।
डिप्टी सीएम ने बताया कि सड़क को फोरलेन बनाने और जट्टारी व खैर में बाईपास बनाने के लिए शासनादेश जारी हो चुका है। 552 करोड़ रुपये का बजट भी निर्धारित कर दिया है, लेकिन वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता के आधार पर ही काम हो रहा है।
जल्द ही काम पूरा किया जाएगा। डिप्टी सीएम ने माना कि ये सड़क समाजवादी पार्टी के शासन में 10 फरवरी 2016 में पास हो चुकी है। गौर हो कि 64.245 किमी लंबी इस सड़क में जट्टारी और खैर कस्बे में दो बाईपास बनाये जाने हैं।
किमी 34.850 से 38.750 में जट्टारी का आबादी क्षेत्र और किमी 54.000 से 60.065 में खैर का भीड़ भरा इलाका आता है इन्हीं दो जगहों पर बाईपास बनाये जाने हैं। इन दोनों कस्बों में वर्तमान में सड़क जर्जरहाल है। वाहनों के लोड के कारण सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे हैं। इधर, किमी 27 में कस्बा स्यारौल में सड़क जर्जर हाल हो चुकी है।