बाइक में तेल के साथ पानी डालने पर हुई मारपीट
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
थाना सासनी गेट इलाके में आगरा रोड पर एक पेट्रोल पंप पर बाइक में पानी डालने की बात कहते हुए छात्रों ने हंगामा कर दिया। इस दौरान पेट्रोल पंप कर्मचारी और छात्रों के बीच नोकझोंक और मारपीट हो गई।
बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और संबंधित विभाग को सूचित किया। पेट्रोल का नमूना भर लिया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आगरा रोड पर शुक्रवार की सुबह कुछ छात्र बाइक में पेट्रोल डलवाने पहुंचे। पेट्रोल डलवाने के बाद छात्रों ने कहा कि पेट्रोल के साथ बाइक में पानी भी डाला गया है।
यह आरोप पेट्रोल पंप कर्मचरियों ने नकार दिए। इसी बात पर दोनों पक्षों मेें नोकझोंक होने लगी। छात्रों ने अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया। इस पर मामला तूल पकड़ गया और दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप के साथ हाथापाई व मारपीट होने लगी।
इस पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थिति को नियंत्रित किया और संबंधित विभाग को भी सूचना दे दी। संबंधित विभाग के लोगों के पंप पर पहुंचने के बाद तय हुआ कि पेट्रोल का नमूना भर लिया जाए।
इसके बाद जांच में जो आएगा, सभी पक्षों को बताया जाएगा। इसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसी बात पर सहमति बनी और मामला शांत हुआ।