एसएसपी कलानिधि नैथानी ने रविवार को दिन भर मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सतर्कता दिखाई। इस दौरान वे खुद और उनकी टीम के अधिकारी जायजा लेते रहे। इस दौरान कुल 12 मतगणना केंद्रों पर 1965 पुलिस अधिकारी/कर्मचारी तैनात किए गए हैं।
एसएसपी ने सुबह सबसे पहले धनीपुर इसके बाद एक-एक कर अन्य मतगणना केंद्रों के सुरक्षा इंतजाम देखे। इसके बाद दोपहर में एसपी सिटी, एसपी देहात व सीओ स्तर के अधिकारी भी अपने अपने क्षेत्र में जायजा लेते रहे।
इस मौके पर एसएसपी ने साफ किया कि केवल एजेंट ही अंदर जाएंगे। मतगणनाकर्मियों के प्रवेश के समय उनका अनुमति पत्र फाड़ दिया जाए ताकि उसका दुरुपयोग न हो। अधिकृत अभिकर्ता को ही प्रवेश मिले। प्राइवेट वाहन व निजी शस्त्र पूर्णत: प्रतिबंधित रहेंगे।
वीडियो, मोबाइल व कैमरा, स्याही, बीड़ी सिगरेट, माचिस भी प्रतिबंधित रहेगी। शिफ्ट बदलते समय दूसरी टीम को पूरी जिम्मेदारी दी जाएगी। जिले में मतगणना केंद्रों पर 9 सीओ, 36 निरीक्षक, 260 उपनिरीक्षक, 400 मुख्य आरक्षी, 750 आरक्षी, 510 होमगार्ड, 240 चौकीदार तैनात किए गए हैं।