न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
एएमयू प्रशासन ने राजकीय कृषि एवं औद्योगिक प्रदर्शनी में छात्रों के प्रवेश से संबंधित दिशा निर्देश जारी किये हैं। छात्रों को परामर्श दिया है कि वह किसी भी प्रकार की सहायता के लिए प्रदर्शनी में लगे एएमयू के कैंप कार्यालय में संपर्क स्थापित कर सकते हैं।
प्रॉक्टर प्रो. मुहम्मद मोहसिन खान ने छात्रों के नाम जारी पत्र में कहा है कि प्रदर्शनी में सभी छात्र अपना परिचय पत्र अपने साथ रखें और विश्वविद्यालय यूनिफार्म पहन कर जाएं।
उन्होंने कहा है कि छात्र रात्रि 10 बजे तक प्रदर्शनी स्थल छोड़ दें। दस बजे तक प्रदर्शनी स्थल में लगा प्रोक्टोरियल शिविर बंद हो जाएगा जिसके बाद किसी प्रकार की प्रतिकूल परिस्थिति में वहां से सहायता प्राप्त नहीं हो पाएगी।
प्रॉक्टर ने छात्रों से कहा है कि वह भीड़ भाड़ वाले क्षेत्रों लाल ताल, हुल्लड़ बाजार, थियेटर्स, नौटंकी व वैरायटी शो आदि में जाने से बचें और कृष्णांजलि, कोहिनूर व मुक्तकाश में आयोजित होने वाले कायक्रमों में उन्हीं स्थानों तक अपने को सीमित रखे जो स्थान एएमयू छात्रों के लिए आरक्षित किया गया है।
प्रो. एम मोहसिन खान ने कहा कि छात्र प्रदर्शनी में पुलिस प्रशासन व ड्यूटी पर तैनात प्रोक्टोरियल टीम के साथ सहयोग करें और अपनी ऐतिहासिक परंपराओं का निर्वाह करते हुए अपनी गरिमा, निष्ठा और विनम्रता का परिचय दें। उन्होंने कहा कि एएमयू छात्र व स्टॉफ एएमयू सिटी स्कूल में बने पार्किंग स्थल पर ही अपने वाहन खड़ा करें।