न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
शहर में व्यावसायिक संस्थानों द्वारा पैदा किए जा रहे कूड़े की मात्रा को नियंत्रित करने के लिए अब नगर निगम ने अपार्टमेंट, मैरिज होम व होटल में कूड़े की कंपोस्ट यूनिट लगना अनिवार्य कर दिया है।
इस संबंध में सेवा भवन में स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर अलीगढ़ शहर को सर्वोच्च स्थान बनाने के लिए नगर आयुक्त सत्य प्रकाश पटेल ने अधीनस्थों को निर्देश देते दिए और सभी विभागाध्यक्षों के दायित्व निर्धारित किए हैं। शुक्रवार को कार्यशाला में उन्होंने कहा कि इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर गाइड लाइन जारी कर दी गई है। अफसरों की जिम्मेदारी तय करके सेल और एजेंसी का गठन कर दिया गया है। रेस्टोरेंट, होटल, मैरिज होम तथा अपार्टमेंट वालों को कूड़ा निस्तारण की लिए कंपोस्ट यूनिट लगाने के निर्देश दिए हैं।
नगर आयुक्त ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी व स्वच्छता निरीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि सुबह खुले में शौच करने वालों पर करवाई करते हुए जुर्माना वसूला जाए। बैठक में महाप्रबंधक जल सचिंदर कुमार शर्मा, अधिशासी अभियंता डॉ. उमाकांत राम, जोनल अधिकारी सभापति यादव, अजीत कुमार, जोनल सफाई अधिकारी इंद्रजीत सिंह आदि मौजूद थे।