दुर्गेश रक्षाबंधन के दिन पहुंच सकता है डिपोर्टेशन सेंटर
ब्यूरो,अमर उजाला, अलीगढ़।
सऊदी अरब में फंसे सारसौल इलाके के दुर्गेश सिंघल के घर रक्षाबंधन का त्योहार सूना रहेगा। यहां पर दुर्गेश का इंतजार हर दिन बढ़ता जा रहा है, जिससे परिजनों का सब्र अब जवाब दे रहा है।
दुर्गेश को शनिवार रात दम्माम के डिपोर्टेशन सेंटर पर पहुंचना था, लेकिन उसका जाना नहीं हो पाया। अब वह सोमवार को रक्षाबंधन के दिन सुबह रियाद से दम्माम जाएगा। वो भी तब, जब इस बीच कोई नई अड़चन सामने न आए।
रियाद स्थित भारतीय दूतावास से सऊदी के सोशल वर्क डिपार्टमेंट को दुर्गेश के प्रकरण में पत्र लिखा गया था। जिसके बाद डिपोर्टेशन सेंटर ने भी तैयारी शुरू कर दी थीं।
दम्माम के डिपोर्टेशन सेंटर से ही संबंधित एक अधिकारी का फोन दुर्गेश के पास आया, जिसमें उससे कहा गया कि शनिवार की जगह अब सोमवार को आना। इन सब घटनाक्रम के बीच फिलहाल दुर्गेश की वतन वापसी अभी नियम कायदों में ही उलझी है।