प्रदेश सरकार के नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने बुधवार को कृष्णांजलि सभागार में विकास का पिटारा खोल दिया। उन्होंने महानगर में करीब 15 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इससे पूर्व नगरवासियों में स्वच्छता की अलख जगाने के लिए नगर निगम द्वारा निकाली गई स्वच्छता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली यूनिवर्सिटी सर्किल से आरंभ होकर कृष्णांजलि सभागार तक गई। यहां आयोजित गोष्ठी में उन्होंने नगर निगम की रैली की सराहना करते हुए स्वच्छता की शपथ दिलाई।
विज्ञापन
गोष्ठी में नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि अलीगढ़ के लोगों में पूरी क्षमता है कि वे भी अलीगढ़ को इंदौर बना सकते हैं। इसके लिए सार्थक प्रयासों की जरूरत है। उन्होंने हम सबने ठाना है कि प्रदेश स्वच्छ बनाना है का नारा देते हुए कहा कि अलीगढ़ शहर का हर वार्ड प्रदेश स्तर पर आयोजित होने वाली वार्ड स्वच्छता प्रतिस्पर्धा में प्रतिभाग करें। उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता 15 नवंबर से 15 दिसंबर के मध्य आयोजित की जाएगी। नगर विकास मंत्री ने स्वच्छता रैली में शामिल होने वाले नन्ने मुन्नें बच्चों द्वारा स्वच्छता रैली में बढ़-चढ़ कर प्रतिभाग करने पर सराहना की।
नगर विकास मंत्री ने कृष्णांजलि सभागार में राज्य मंत्री रघुराज सिंह, सांसद सतीश गौतम, महापौर मोहम्मद फुरकान, मंडलायुक्त अजय दीप सिंह, नगर आयुक्त सत्य प्रकाश पटेल, सभी विधायक, पार्षद, पूर्व सांसद, पूर्व महापौर, जिलाध्यक्ष भाजपा गोपाल सिंह, आरएसएस के पदाधिकारी, नगर निगम अधिकारी, कर्मचारियों समेत बड़ी संख्या में गोष्ठी में मौजूद शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति शपथ दिलाते हुए स्वच्छता के प्रति एक कदम बढ़ाये जाने की अपील की। गोष्ठी में महापौर मोहम्मद फुरकान ने नगर विकास मंत्री का स्वागत किया। नगर आयुक्त सत्य प्रकाश पटेल ने मंत्री को महानगर में नगर निगम स्तर से किये जा रहे प्रयासों और कार्यों की जानकारी दी।
11 करोड़ 89 लाख 96 हजार के निर्माण कार्यों का हुआ लोकार्पण
दुबे का पड़ाव रोड चौड़ीकरण, रामघाट रोड पर सड़क सुधार व साइट पटरी निर्माण, आगरा रोड पर नाला व संपवैल, पंप हाउस पर पंप सैट स्थापित करना, आगरा रोड पर आरसीसी नाला निर्माण, लाल डिग्गी तिराहे पर सड़क सुधार, पीडब्लूडी से सेंटर पाइंट तक सड़क सुधार, मथुरा रोड नाला निर्माण, छावनी भदैसी रोड नाला निर्माण, मथुरा रोड पुष्प विहार में नाला निर्माण, लोधीपुरम में सड़क व नाली निर्माण, संकल्प विहार में पार्क का जीर्णोद्धार, बरौला बाईपास नाला निर्माण, मथुरा रोड कस्तूरी पैलेस निकट नाला निर्माण, स्वर्ण जयंती नगर में साइड पटरी निर्माण, स्वर्ण जयंती डांस स्कूल के पास इंटरलाकिंग, स्वर्ण जयंती नगर में कावेरी रायल के पास सड़क सुधार, सुरक्षा विहार में सड़क सुधार कार्य, कल्याणपुरम में इंटर लाकिंग से सड़क निर्माण, मथुरा रोड कृष्णाधाम कॉलोनी में सड़क सुधार कार्य, पंच नगरी में सीसी नाली व इंटरलाकिंग, कल्याणपुरम में सीसी नाली निर्माण, माधव विहार कालोनी में सीसी नाली निर्माण व इंटरलाकिंग, कावेरी वाटिका में नाला व पुलिया निर्माण, रामघाट रोड स्टेडियम में दीर्घा शेड, भदैसी रोड पला फाटक पर इंटरलाकिंग, रमेश विहार 100 फुटा रोड लिंक गलियों में इंटरलाकिंग, अंबेडकर पार्क में इंटरलाकिंग सहित 29 निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया।
इन परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास
अमृत योजना अंतर्गत 3 करोड़ धनराशि से महानगर के सासनीगेट पार्क, आगरा रोड विकास कालोनी पार्क, मानसरोवर कालोनी पीपल वाला पार्क, ज्ञान सरोवर कालोनी पार्क, चित्रगुप्त पार्क एडीए आगरा रोड तथा महात्मा गांधी पार्क टीकाराम कालोनी में निर्माण व जीर्णोद्धार का कार्य का शिलान्यास।
जब मंत्री ने की कारपोरेट लुक की तारीफ
अलीगढ़। नगर विकास मंत्री स्वच्छता रैली एवं कृष्णांजलि में हुई गोष्ठी के दौरान नगर आयुक्त सत्यप्रकाश पटेल एवं उनके स्टाफ द्वारा पहनी गई सफेद शर्ट एवं काली पेंट व गले में कार्ड से बेहद खुश नजर आए। उन्होंने नगर आयुक्त को बधाई देते हुए कहा कि आपकी ड्रेस में कारपोरेट लुक नजर आ रहा है। यह नगर निगम में नई मिसाल है।