न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
प्रत्येक माह के तीसरे बुधवार को होने वाली किसान बैठक में बुधवार को प्री मानसून बारिश न होने से सूख रही धान की नर्सरी का मुद्दा छाया रहा। किसानों ने शिकायत की कि नहरों में पानी नहीं है। किसान अपने संसाधनों से किसी तरह धान की नर्सरी बचाने का प्रयास कर रहा है, लेकिन तमाम शिकायतों के बावजूद सिंचाई विभाग नहरों में पानी की व्यवस्था करने में आनाकानी कर रहा है।
डीएम चंद्रभूषण सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में किसानों ने विद्युत विभाग पर मनमानी करने का आरोप भी जड़ा। उन्होंने बताया कि तमाम दावों के बावजूद न तो विद्युत बिल ठीक किए जा रहे हैं और न ही नए कनेक्शन देने में ही विभागीय अफसर रुचि ले रहे हैं। इससे किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों ने नहरों और नालाें की सफाई न होने के साथ ही अपने-अपने क्षेत्र में आ रही प्रशासनिक एवं अन्य समस्याओं की भी जानकारी दी। डीएम ने विद्युत, लघु सिंचाई एवं बैंक के अधिकारियों को प्राथमिकता से किसानों की समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए।
किसान प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी से गत माह में हुई बैठक की कार्यवाही व शिकायतों के निस्तारण की स्थिति से किसानों को अवगत कराए जाने का अनुरोध करते हुए कृषि से संबंधित सभी अधिकारियों को किसान बैठक में उपस्थित रहने की मांग की। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व उदयवीर सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन आरएन शर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारीगण व प्रतिनिधि उपस्थित रहे।