न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं में जहां जांच के दौरान कॉपियों में नोट मिल रहे हैं तो वहीं परीक्षार्थी काफी दिलचस्प बातें भी लिख रहे हैं। वह परीक्षकों से किसी भी तरह पास करने की गुहार कर रहे हैं।
एक मूल्यांकन केंद्र पर बुधवार को एक कॉपी में सौ व दूसरी कॉपी में पांच सौ रुपये का नोट निकला। इन कॉपियों में परीक्षार्थियों ने नोट लगाने का हवाला देकर पास करने की बात कही है।
इतना ही नहीं कॉपियों में बेहद दिलचस्प बातें भी परीक्षार्थी लिख रहे हैं। एक परीक्षार्थी ने यह जिक्र किया है कि उसकी शादी होने वाली है। यदि वह पास न हुआ तो उसकी शादी टूट सकती है।
ऐसे में किसी भी तरह से उसे पास कर दें। इसी तरह से एक परीक्षार्थी ने यह भी जिक्र किया है कि उसने एक लड़की से प्रेम-प्रसंग चल रहा है। यदि वह पास न हुआ तो उसकी प्रेमिका नाराज हो जाएगी।
इसके अलावा इसी तरह के अन्य कमेंट भी परीक्षकोें को कॉपियों में लिखे मिल रहे हैं। बहुत तो ऐसी भी कॉपियां मिल रही हैं जिन पर कुछ लिखा ही नहीं है।