महिला से घर में घुसकर दुष्कर्म, पीटा भी
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
महानगर के क्वार्सी इलाके में मजदूर परिवार की महिला संग घर में घुसकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। इतना ही नहीं, जब महिला ने विरोध किया और शोर मचाया तो मारपीट कर दी गई। इस मामले में थाने में सुनवाई न होने पर एसएसपी से शिकायत की गई है। इसी तरह सासनी गेट इलाके में रविवार को हुई छेड़खानी की घटना में भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया।
क्वार्सी के मौलाना आजाद नगर इलाके की महिला का कहना है कि उसका पति 11 को काम पर गया था। वह घर की रसोई में काम कर रही थी। तभी पड़ोस का दबंग युवक घुस आया और उसके साथ दुष्कर्म करते हुए मारपीट कर भाग गया। थाने में सुनवाई नहीं हुई। इस पर एसएसपी ने थाना पुलिस को निर्देश दिए हैं। इधर, सासनी गेट के सराय सुल्तानी में रविवार को शादी में आई किशोरी संग छेड़खानी हुई थी। किशोरी का परिवार यह शिकायत लेकर एसएसपी दफ्तर गया कि उसकी शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है। इस मामले में भी निर्देश दिए गए हैं।
खेलने के बहाने किशोर से कुकर्म, पीटा
अलीगढ़। खैर क्षेत्र में घर से तीतर मारने के बहाने बुलाकर लाए गए किशोर के संग कुकर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। विरोध करने पर पीटा गया। मामले में थाना स्तर पर सुनवाई न होने पर एसएसपी से शिकायत की गई है। पीड़ित की शिकायत पर एसएसपी ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पीड़ित किशोर की उम्र 11 वर्ष बताई गई है।