धीरा हत्याकांड के दो आरोपी जेल से गैर जनपद ट्रांसफर
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
जिला कारागार में बंदी कुछ आरोपियों को अलग-अलग कारणों से अलग-अलग जेलों में स्थानांतरित किया गया है। इसके पीछे प्रशासनिक कारणों का भी हवाला दिया जा रहा है।
वरिष्ठ कारागार अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि प्रापर्टी डीलर धीरेंद्र सिंह उर्फ धीरा की हत्या में आरोपी रमेश विहार निवासी सिद्धार्थ शुक्ला को अलीगढ़ से बुलंदशहर जेल में स्थानांतरित किया गया है। धीरा ठाकुर छर्रा विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे ठा. राकेश सिंह के करीबी माने जाते हैं। इसके अलावा धीरा हत्याकांड में ही एक ओर आरोपी बरला निवासी अजयराज को मथुरा के जिला कारागार में स्थानांतरित किया गया है।
अजयराज बाइकर्स गैंग का सक्रिय सदस्य है। इन दोनों के अलावा अलीगढ़ के ही रहने वाले शहजाद उर्फ बब्बू को गौतमबुद्ध नगर, जगवीर उर्फ जग्गो को मथुरा और हरवीर को एटा कारागार में स्थानांतरित किया गया है। इनमें सबसे ज्यादा चर्चित धीरेंद्र उर्फ धीरा हत्याकांड के आरोपी सिद्धार्थ शुक्ला और अजयराज हैं। गौरतलब है कि धीरेंद्र उर्फ धीरा की हत्या मैरिस रोड चौराहे पर रात के समय कर दी गई थी। इस हत्याकांड की पृष्ठ भूमि में संपत्ति का विवाद और इसी के चलते आरोपियों को अपमानित किया जाना था।