पिस्टल की नोंक पर फैक्ट्री मालिक से बाइक लूटी
ब्यूरो, अमर उजाला, जलाली (अलीगढ़)।
थाना हरदुआगंज क्षेत्र के तालानगरी स्थित गैस एजेंसी पर बाइक सवार तीन बदमाश पिस्टल की नोंक पर एक फैक्ट्री मालिक से बाइक लूट ले गए। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। खबर पाकर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। पुलिस छानबीन में जुट गई है।
वाकया गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे का है। ताला नगरी स्थित फैक्ट्री मालिक लल्लू सिंह निवासी शाहपुर अपने घर से फैक्ट्री की ओर आ रहे थे, तभी ताला नगरी स्थित एक गैस एजेंसी के पास पीछे से आए बाइक सवारों ने चलती बाइक की चाबी निकाल ली।
जैसे ही बाइक रुकी तो बाइक सवार बदमाशों ने लल्लू सिंह के ऊपर पिस्टल तान दी। वह कुछ समझ पाते तब तक तो बदमाश बाइक लेकर शहर की ओर फरार हो गए। पीड़ित ने पास स्थित फैक्ट्री पर पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
खबर पाकर मौके पर एसओ हरदुआगंज डॉ. विनोद कुमार पहुंच गए। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी कर छानबीन शुरू कर दी है। बता दें कि गुरुवार को ही थाना प्रभारी ने चार्ज संभाला है।