जनपद में कोरोना वायरस से 172 लोग संक्रमित हुए हैं, जबकि 231 लोग स्वस्थ हुए है। जेएन मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान एक बुजुर्ग की मौत हुई है।
जनपद में शनिवार को कोरोना पीड़ित सिखरना गांव के 77 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। उनका उपचार जेएन मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। कोविड प्रोटोकॉल के तहत मृतक का अंतिम संस्कार किया गया। शनिवार को संक्रमित 172 लोगों में 16 की उम्र 17 वर्ष या उससे कम है, जबकि 14 वरिष्ठ नागरिक हैं। उनकी उम्र 60 या उससे अधिक है।
जनपद में सक्रिय केसों की संख्या 1249 और सक्रिय कंटेनमेंट जोन की संख्या 1241 है। निगरानी समितियों द्वारा 189 घरों का भ्रमण किया गया और 237 लोगों को मेडिकल किट प्रदान की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीरज त्यागी ने सभी लोगों से टीका लगवाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए यह जरूरी है। सीएमओ ने कहा कि मास्क एवं दूरी का ख्याल रखें। भीड़भाड़ वाले स्थान पर नहीं जाए। हाथ को साबुन से धोएं या सैनिटाइजर का प्रयोग करें। सर्दी, जुकाम, बुखार या सांस लेने में दिक्कत होने पर कोविड जांच कराएं।