अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के सिटी स्कूल के सेवानिवृत्त 73 वर्षीय प्रधानाध्यापक का उपचार के दौरान जेएन मेडिकल कॉलेज में निधन हो गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के इकलौते एसीएमओ सहित 172 लोग कोरोना वायरस की चपेट में आ गए हैं। राहत की बात यह है कि 142 लोग स्वस्थ भी हुए हैं। जनपद में अब कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 6194 तक पहुंच गई है। वहीं 4532 मरीज अब तक स्वस्थ हो गए हैं। वर्तमान समय में सक्रिय मरीजों की संख्या 1662 है।
सिटी स्कूल के सेवानिवृत्त 73 वर्षीय प्रधानाध्यापक अमीर निशा में रहते थे। दो दिन पहले तबियत खराब होने पर उन्हें जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। आज दोपहर में उनका निधन हो गया। हालांकि सीएमओ ने मौत से अनभिज्ञता जताई है। जेएन मेडिकल कॉलेज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय, प्राइवेट लैब एवं एंटीजन टेस्ट में 172 लोग संक्रमित पाए गए हैं। सीएमओ ऑफिस के एसीएमओ सहित उनके कमरे में बैठने वाले चार लोग संक्रमित पाए गए हैं। इससे सीएमओ ऑफिस में खलबली मच गई है।
सीएमओ ऑफिस में एसीएमओ के 9 पद है, जिसमें से 8 खाली है। एसीएमओ के संक्रमित होने से महामारी के काल में सीएमओ ऑफिस पर दबाव बढ़ने की आशंका है। चार लोगों के संक्रमित मिलने के बाद सीएमओ ऑफिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का नमूना लिया गया है। शहर के नामी मिठाई कारोबारी भी संक्रमित हुए हैं। उनके दुकान पर काम करने वाले कर्मचारियों का नमूना लिया गया है। अतरौली के खतरीपाड़ा के 13, टीवीएस वाली गली के 7, इगलास के 5 लोग संक्रमित हुए हैं।
इसके अतिरिक्त ग्रीप पार्क अपार्टमेंट के 2, किशोरनगर आईटीआई रोड के 2, लोहगढ़ अतरौली के 4, जवाहर चौक छर्रा के 4, हनुमानपुरी के 2, गांधीनगर के 2, सुरेंद्र नगर के 4, खैर बाईपास बांके विहारी कॉलोनी के 2, दरोगा जी की चक्की के 2, मान सरोवर कॉलोनी के 2, शिवपुरी छर्रा के 3, छर्रा के 3, बीएसए ऑफिस के 2, जट्टारी के 3 लोग चपेट में आए हैं। जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि संक्रमित मरीजों को होम आइसोलेट एवं कोविड-19 अस्पताल में भर्ती किया जा रहा है। संपर्कियों का नमूना लिया जा रहा है।