न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
कुंभ मेले के लिए जाने वाले 230 बसें मंगलवार को प्रयागराज के लिए रवाना नहीं हो सकी। हालांकि कुंभ मेले ड्यूटी पर जाने वाले लोग अपना सामान लेकर बस स्टैंड पहुंच गए और रात की गाड़ी से लखनऊ होते हुए प्रयागराज के लिए रवाना हो गए।
मंगलवार को अलीगढ़ रीजन की 230 बसों को कुंभ मेले के लिए प्रयागराज रवाना होना था। इस मेले में रीजन के करीब 600 चालक-परिचालक समेत कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। मेला ड्यूटी में जाने वाले क्षेत्रीय कार्यशाला के करीब 12 लोग अपना बोरिया-बिस्तर लेकर दोपहर दो बजे के करीब गांधी पार्क बस स्टैंड पर पहुंच गए। यहां से वह रात को लखनऊ वाली में सवार होकर प्रयागराज के लिए रवाना हुए। इधर, मेले में जाने वाली 230 बसें रवाना नहीं हो सकी। अधिकारियों का कहना है कि अभी मेले में यात्रियों की संख्या इतनी नहीं है कि इतनी बसों की आवश्यकता पड़े। संभवत: बुधवार को मुख्यालय में बैठक के बाद बसों की संख्या कम हो सकती है।
मंगलवार को कोई बस नहीं गई है। बुधवार की दोपहर बाद बसों के रवाना होने की उम्मीद है। कड़ाके सर्दी के कारण कुंभ मेले में जाने वाले यात्रियों की संख्या अभी इतनी नहीं है कि 230 बसों को भेजा जा सके। बाकी मुख्यालय से जो आदेश आएगा उसका पालन किया जाएगा।
एसके यादव, सेवा प्रबंधक अलीगढ़।