न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
संगीत और कला क्षेत्र के बड़े बड़े सूरमाओं पर लाखों खर्च करने के बावजूद नुमाइश के कार्यक्रमों में अपेक्षित भीड़ के न जुटने विशेषकर महानगर की क्रीमी लेयर के कार्यक्रमों से दूर रहने से नुमाइश के अध्यक्ष एवं डीएम चिंतित हैं। इन लोगों को कार्यक्रमों से जोड़ने के लिए डीएम ने सांसद, विधायकों एवं अन्य जन प्रतिनिधियों के साथ महानगर के मुअज्जिज लोगों को डीओ लैटर जारी करने के आदेश दिये हैं।
20 जनवरी से शुरू हुई राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी की शुरूआत से अब तक के नौ दिनों में छोटे-बड़े मिलाकर कुल 59 कार्यक्रम हो चुके हैं। इनमें सुप्रसिद्घ गायक कैलाश खेर, फिल्म अभिनेत्री हरशाली जिनी, स्वाति बख्शी, भजन गायक तृप्ति शाक्य, तबला वादक हसन नियाजी और बुधवार को गायक रूपकुमार राठौर एवं सोनाली राठौर का कार्यक्रम प्रमुख हैं। लेकिन इतने बड़े बड़े कलाकारों के आने एवं अपनी परफारमेंस देने के बावजूद नुमाइश में अपेक्षित भीड़ नहीं जुटी। इन बड़े बड़े कलाकारों को छोड़ दें तो अन्य कार्यक्रमों में तो कृष्णांजलि नाट्यशाला एवं कोहिनूर मंच लगभग खाली सा ही रहा। विशेष रूप से महानगर की क्रीमी लेयर इन कार्यक्रमों के प्रति आकर्षित नहीं हो सकी। डीएम चंद्रभूषण सिंह ने स्वीकार किया कि नुमाइश के कार्यक्रमों में अपेक्षित भीड़ विशेषरूप से क्रीमी लेयर अब तक नहीं पहुंची है। इन्हें नुमाइश से जोड़ने के लिए डीओ लैटर जारी किये जाने का निर्णय लिया गया है।
कार्ड के साथ होगा कार्यक्रम का पास
अलीगढ़। डीएम द्वारा जारी डीओ लैटर में कार्यक्रम आमंत्रण के साथ उसका पास भी होगा। डीएम ने कार्ड में ही पास की भी एंट्री करने के आदेश दिये हैं। ताकि सम्मानित और जाने माने लोग आवागमन में असुविधा महसूस न करें।