क्षतिग्रस्त हालत में छर्रा-सांकरा मार्ग की वर्तमान हालत।
ब्यूरो,अमर उजाला, अलीगढ़।
बरला, छर्रा, दादों, सांकरा पर प्राइवेट बसों का संचालन बंद होने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसमें वह लोग ज्यादा परेशान हैं जो महानगर में नौकरी के लिए प्रतिदिन आते हैं। यूनियन ने आरटीओ को बसों के परमिट सरेंडर करने के बाद अब मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री से इसकी शिकायत की है।
बस आपरेटर यूनियन के अध्यक्ष गिर्राज सिंह ने बताया कि वह पिछले काफी समय से मार्ग को सही कराने के लिए अधिकारियों से मिलते रहे हैं, लेकिन किसी ने उनकी मांग पर ध्यान नहीं दिया। जब उन्होंने बसों के परमिट सरेंडर करने की चेतावनी दी, तब भी उनकी बात को हल्के में लिया गया।
अब प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह किस तरह इस मार्ग पर संचालन शुरू कराएगा। क्योंकि जब तक मार्ग ठीक नहीं होगा प्राइवेट बस आपरेटरों की बसें इस पर नहीं चलेंगी।
शनिवार को सड़क सुरक्षा समिति की कमिश्नर की अध्यक्षता में हुई बैठक भी इस मुद्दे पर भी चर्चा हुई। कमिश्नर सुभाष चंद शर्मा ने मार्ग का निर्माण कराने वाली कार्यदायी संस्था को निर्देश भी दिए, लेकिन रविवार को भी इस मार्ग पर काम शुरू नहीं हुआ।