अब बी वी लिखी गाड़ियां दौड़ेगी सड़कों पर
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
शोरूम से कार खरीदने के बाद भी संभागीय परिवहन कार्यालय से आरसी जारी न होने की परेशानी झेल रहे वाहन स्वामियों के लिए खुशखबरी है। आज से संभागीय परिवहन कार्यालय से नए नंबरों की सीरीज जारी होने लगेगी।
इसी के साथ वाहन मालिकों को आरसी भी मिलने लगेगी। उधर ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर वीआईपी नंबरों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू है। लोगों ने वीआईपी नंबर बुक कराने शुरू कर दिए, हालांकि पुरानी सीरीज के नंबर खत्म होने तक नई सीरीज लागू नहीं की जा सकती।
नई गाड़ियां खरीदने वाले नए नंबरों की सीरीज का इंतजार कर रहे थे। सोमवार तक बी यू सीरीज के तहत नंबर दिए जा रहे थे। अब मंगलवार से बी वी सीरीज के नंबर मिलने शुरू हो जाएंगे।
नए नंबरों का इंतजार कर रहे लोगों को नंबर के साथ ही आरसी भी मंगलवार से जारी होने लगेगी। एआरटीओ प्रशासन अभिताभ चतुर्वेदी के अनुसार पुरानी सीरीज के नंबर कुछ लोग नहीं लेना चाहते, इसलिए परेशानी हो रही थी। मंगलवार से यह समस्या समाप्त हो जाएगी।
वीआईपी नंबरों का वितरण कल से
‘पहले आओ, पहले पाओ’ के तहत ऑनलाइन वीआईपी नंबरों की बुकिंग करने वालों को एक दिन का इंतजार और करना होगा। वीआईपी नंबरों का वितरण छह दिसंबर की सुबह 10 बजे से शुरू होगा।