डेस्क न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
सातवें वेतन आयोग के अनुसार वेतन, पेंशन की स्वीकृति न मिलने के विरोध में पिछले दो माह से धरना प्रदर्शन कर रहे जल निगम कर्मियों ने बुधवार को निगम के सभी कार्यालयों में तालाबंदी कर डाली। उत्तर प्रदेश जल निगम समन्वय समिति एवं संयुक्त समिति एवं पेंशनर्स एसोसिएशन के बैनरतले की गई इस कार्रवाई के संबंध में कर्मचारी संयुक्त एसोसिएशन के आमेंद्र कुमार एवं कांति प्रसाद ने बताया कि मांगों को लेकर लखनऊ के प्रधान कार्यालय में रामाधार पांडेय ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है। इसके बाद तालाबंदी की कार्रवाई की गई है। इस मामले में दस मार्च को पेंशनर्स ने उत्तर प्रदेश जल निगम के मंडल कार्यालय क्वारसी पर बैठक बुलाई है।
285 किलो रंगीन कचरी जब्त की
अलीगढ़। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने तहसील खैर टैंटीगांव रोड मालीपुरा में रंगीन कचरी के खिलाफ छापामार अभियान चलाते हुए राकेश अग्रवाल के यहां से तीन नमूने एकत्र किये एवं 180 किलो कचरी जब्त की। इसके बाद गांव हस्तपुर में अतेंद्र कुमार के यहां से रंगीन कचरी का एक नमूना भरा। यहां से भी 105 किलो कचरी जब्त की गई। कार्रवाई के दौरान जिला अभिहित अधिकारी सर्वेश कुमार, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान समेत अन्य अफसर मौजूद थे।