न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
दस सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर इन्कम टैक्स इंप्लाइज फेडरेशन और इन्कम टैक्स गजटेड आफीसर्स एसोसिएशन की ज्वाइंट कौंसिल ऑफ एक्शन के आह्वान पर मंगलवार को पूरे दिन आयकर विभाग में धरना-प्रदर्शन हुआ।
अधिकारियों और कर्मचारियों ने आयकर विभाग के मैरिस रोड स्थित मुख्य भवन के भूतल पर दरी चादर बिछा कर मांगों के समर्थन में नारे लगाए। इन्कम टैक्स गजटेड आफीसर्स एसोसिएशन के सचिव अंजनेश कुमार और इन्कम टैक्स इंप्लाइज फेडरेशन के सचिव अतुल चौरसिया ने बताया कि आयकर अधिकारी से सहायक आयकर आयुक्त के पद पर पदोन्नति, संयुक्त कार्यवाही परिषद के सुझावों के अनुरूप आयकर निरीक्षक एवं कार्य सहायक सहित सभी संवर्गों की लंबित भर्ती पूरी करने की दो प्रमुख मांग है।
इसके अलावा वरिष्ठ कर सहायक, आशुलिपिक, प्रशासनिक अधिकारी के पदाें पर भर्ती करने। मुंबई प्रशासनिक अभिकरण के तहत उच्चतर वेतनमान देने, आयकर आयुक्तों को नियमित करने, आयकर निरीक्षकों के पदों अस्थायी पुर्न आवंटन करने, विभाग का कैडर रिव्यू करने, आकस्मिक कर्मचारियों को अस्थायी और नियमित नियुक्ति देने, ड्राइवरों को राहत देने की मांग शामिल है।
इस मौके पर इन्कम टैक्स इंप्लाइज फेडरेशन के अध्यक्ष हरीश लाल, अरविंद कुमार, गिरीश चंद्र शर्मा, अनिल सिंह, बजरंग प्रजापति, बिपिन तिवारी, चंद्रभान सिंह, प्रवीण, जुल्तान करकेटा, सौरभ सागर और इन्कम टैक्स गजटेड आफीसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष क्षेत्रपाल सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एके माल, कोषाध्यक्ष वकील अहमद मौजूद रहे।