न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
वर्ष 2001 कैडर के आईएएस अधिकारी अजयदीप सिंह ने सोमवार को सर्किट हाउस में अलीगढ़ मंडल के मंडलायुक्त पद पर कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि मंडल में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना पहली प्राथमिकता है। इसमें कोई लापरवाही नहीं होने दी जाएगी। हरेक घटना पर पैनी निगाह रखी जा रही है।
उन्होंने कहा कि समय से जनशिकायतों का निस्तारण, विकास कार्यों का गुणवत्तायुक्त एवं समयबद्धता के साथ क्रियान्वयन होना चाहिए। विकास कार्य प्राथमिकता के तौर पर पूरे होंगे। प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के तौर पर निस्तारण होगा।
किसानों को समय से उन्नतशील बीज, खाद तथा सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं में लाभार्थियों के चयन में पारदर्शिता के साथ पात्र व्यक्तियों को इसका लाभ दिलाया जाए। ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में संपूर्ण सफ ाई व्यवस्था एवं खुले से शौच मुक्त करने पर भी बल दिया जाएगा।
अलीगढ़ विकास प्राधिकरण तथा नगर निगम के कार्य भी प्राथमिकता में शामिल रहेंगे। अजयदीप सिंह वर्तमान में जनपद बहराइज के जिलाधिकारी रहे हैं और वहां से स्थानांतरित हो कर अलीगढ़ आए हैं।
सर्किट हाउस में मंडलायुक्त का स्वागत करने के लिए अलीगढ़ के जिलाधिकारी ऋषिकेश भास्कर याशोद, एडीएम वित्त, एडीएम प्रशासन, एडीएम सिटी, एसडीएम कोल डा. पंकज वर्मा सहित जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।