बड़े बकाएदारों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करें एसडीएम : मंडलायुक्त
ब्यूरो,अमर उजाला, अलीगढ़।
मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा ने मंगलवार दोपहर बाद तहसील कोल का निरीक्षण किया। आईएसओ प्रमाण पत्र से लैस इस तहसील की कार्यप्रणाली से वह संतुष्ट नजर आए। मंडलायुक्त ने अभिलेखागार में फाइलों का रखरखाव, शिकायत कक्ष की व्यवस्थाएं देखीं और सराहना की। एसडीएम कोल डा. पंकज वर्मा ने बताया कि मंडलायुक्त ने कुछ आवश्यक निर्देश दिए हैं। जिनको जल्द से जल्द पूरा कर तहसील को और बेहतर बनाया जाएगा।
मंडलायुक्त ने सबसे पहले उप जिलाधिकारी न्यायालय में बैठकर पहले लंबित वादों की विभिन्न फाइलों में प्रगति टिप्पणी पढ़ीं। राजस्व वसूली की समीक्षा में निर्देश दिया कि बड़े बकायेदारों पर सख्त कार्रवाई हो। डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने बताया कि गोपी चीनी मिल लधौआ की नीलामी के बारे में कई बार कार्यवाही की जा चुकी है।
चीनी मिल की अपनी निजी जमीन नहीं है, बल्कि सरकारी और लीज की जमीन है, जो कानूनन नीलाम नहीं की जा सकती। मिल की मशीनरी के बारे में खरीदारों का कहना है कि मशीनरी उनके लिए कबाड़ है। जिसके कारण अभी तक नीलामी नहीं हो सकी है।
मिल प्रबंधन प्रतिमाह 50000 रुपये वसूली के रूप में दे रहे हैं। मंडलायुक्त ने कड़े निर्देश दिए कि वसूली में ढील न दी जाए। गार्ड फाइल देखने के बाद कमिश्नर ने किसी अनुभवी मालबाबू लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने एसडीएम से पूरे तहसील क्षेत्र में जलाए जा रहे अलाव, नगर निगम के शेल्टर होम तथा कंबल वितरण की जानकारी ली।
बताया गया कि एडीएम वित्त द्वारा उपलब्ध कराए गए कंबलों का वितरण जल्द किया जाएगा। बताया गया कि 341 रुपये प्रति कंबल की दर से सरकारी एजेंसी के अच्छी गुणवत्ता के कंबल खरीदे गए हैं। इस मौके पर एडीएम फाइनेंस बच्चू सिंह भी मौजूद रहे।