रद्दी बाजार पहुंची बसपा की प्रचार सामग्री, हंगामा
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
बहुजन समाज पार्टी की प्रचार सामग्री के रद्दी बाजार में बिकने पर बुधवार को पार्टी नेताओं में खलबली मच गई। आननफानन बसपा नेताओं के रफातगंज स्थित रद्दी मार्केट पहुंचने पर हंगामा हुआ। बाद में बसपा नेताओं ने दुकानदारों को पैसे वापस किए और बिकने को आई पार्टी की प्रचार सामग्री को वापस लिया। पार्टी की प्रचार सामग्री को बेचने आया पार्टी का ही कार्यकर्ता बताया गया है।
प्रिंस वार्ष्णेय रफातगंज में रद्दी का कारोबार करते हैं। मंगलवार को उनकी दुकान पर एक व्यक्ति आया और करीब चार हजार रुपये की पार्टी की प्रचार सामग्री को बेच गया। इसमें बसपा प्रमुख की फोटो लगी प्रचार सामग्री भी शामिल थी। साथ ही बसपा शासन की योजनाओं और उपलब्धियों को बताती हुई सामग्री भी थी। सामग्री बेचने के बाद कार्यकर्ता चार हजार रुपये लेकर चला गया।
यह बात बसपा नेता को पता चली तो वह रफातगंज पहुंचे। उन्होंने सारी प्रचार सामग्री वापस देने की बात कही तो दुकानदार ने कहा कि भुगतान कर दिया गया है। अब सामग्री वापस नहीं होगी। इस पर बसपा नेता ने कहा कि अगर वह सामग्री बेचने वाला दोबारा आए तो उन्हें सूचित कर दिया जाए। शाम को वह विक्रेता एक ई रिक्शा में और सामग्री भरकर फिर से बेचने आ गया।
इस बार नेता जी को सूचना दे दी गई। वह मौके पर पहुंचे तो विक्रेता बनकर आए कार्यकर्ता की कारगुजारी खुल गई। बसपा नेता और खरीददार के बीच नोकझोंक और हंगामा होने लगा। बाद में तय हुआ कि दुकानदार के पैसे बसपा वाले वापस करेंगे। इसके बाद ही सामग्री उन्हें सौंपी जाएगी। दुकानदार को पैसे मिल गए तो प्रचार सामग्री बसपा वालों को वापस की गई। लेकिन ई रिक्शा चालक खाली हाथ ही रहा, उसका भुगतान किसी ने नहीं किया।
ऐसा कोई प्रकरण संज्ञान में नहीं आया है। फिर भी इसकी जांच कर सच्चाई पता लगाएंगे।
- अशोक सिंह एडवोकेट, बसपा जिलाध्यक्ष।
पार्टी की प्रचार सामग्री ऐसे नहीं बेची जानी चाहिए, मैं खुद रफातगंज जाऊंगा और दुकानदारों से इसकी हकीकत पता करूंगा।
- हाजी जमीरउल्लाह, बसपा के वरिष्ठ नेता।
------------