इंजेक्शन का रिएक्शन-हाथ ने काम करना किया बंद
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
झोलाछापों का इलाज इस समय जान बचाने की बजाय जानलेवा साबित हो गया है। ऐसे ही एक झोलाछाप के इलाज से एक युवक के हाथ ने काम करना बंद कर दिया। झोलाछाप के खिलाफ जब इलाके की पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो पीड़ित युवक ने इसकी शिकायत एसएसपी से की है।
नगला मसानी निवासी सतेंद्र कई दिनों से बुखार से पीड़ित था। वह मजदूरी करता है। वह दो दिन पहले अपना उपचार कराने के लिए एक झोलाछाप के पास गया। इस झोलाछाप ने उसके एक इंजेक्शन लगा दिया।
इसका यह रियेक्शन हुआ कि बुखार पीड़ित युवक के उस हाथ ने काम करना बंद कर दिया, जिसमें झोलाछाप ने इंजेक्शन लगाया था। वह जब झोलाछाप के पास पहुंचा और इसकी शिकायत की तो कथित डॉक्टर ने उसे वहां से भगा दिया।
इस पर वह इलाके की पुलिस के पास भी गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। परिणाम स्वरूप उसने अब अपने मामले की शिकायत एसएसपी से की है और कार्रवाई की मांग की है।