डेरा समर्थकों पर नजर, स्टेशन पर बढ़ी सुरक्षा
ब्यूरो,अमर उजाला,अलीगढ़।
बाबा राम रहीम को बीस साल की सजा सुनाए जाने के बाद जिला प्रशासन ने यूपी हरियाणा सीमा पर चौकसी बढ़ा दी है। पीपली गांव, फरीदपुर सहित यूपी हरियाणा सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है।
जिला प्रशासन ने सीमा पर पुलिस की गश्त और वाहनों की चेकिंग बढ़ा दी है। हर आने जाने वाले वाहन पर पैनी नजर रखी जा रही है। खास तौर पर हरियाणा से आने वाली बसों, कारों और दूसरे वाहनों पर नजर बनी हुई है। एसएसपी राजेश पांडेय ने बताया कि बाबा को सुजा सुनाए जाने के बाद से हर स्थिति पर नजर है।
डेरा समर्थकों की वापसी पर भी हरेक सूचना जुटाई जा रही है। शहर में एससी सिटी अतुल कुमार श्रीवास्तव को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सार्वजनिक स्थलों पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई है।
इधर, रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीमों ने ईएमयू ट्रेन, स्टेशन परिसर, यार्ड और अलग-अलग स्थानों पर सघन जांच होती रही। आरपीएफ इंस्पेक्टर नवल किशोर ने बताया कि एहतियातन सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सभी आने जाने वालों पर सीसीटीवी से नजर रखी जा रही है।
30 अगस्त तक रद रहेंगी तीन ट्रेनें
रेल प्रशासन ने बाढ़ के मद्देनजर प्रभावित हुए रूटों पर ट्रेनों के आवागमन प्रभावित होने से तीन ट्रेनों को फिलहाल 30 अगस्त तक रद कर दिया गया है। ये तीनों ट्रेनें डाउन रूट पर रद रहेंगी। जिसमें नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस, ब्रह्मपुत्र मेल और महानंदा एक्सप्रेस ट्रेन शामिल है।
-------------