पिलौना मस्जिद से पकड़े गए 16 जमाती (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
दिल्ली के निजामुद्दीन में आयोजित हुए तब्लीगी जमात के कार्यक्रम में शामिल होने से कोरोना संक्रमित हुए दस लोगों की मौत के बाद हड़कंप मचा हुआ है। इसके बाद से जमात में शामिल हुए लोगों की देश भर में तलाश की जा रही है।
मंगलवार को जमातियों के बारे में मिली सूचना पर पुलिस प्रशासन की टीम अलीगढ़ की पिलौना मस्जिद पहुंची, जहां से उन्हें 16 जमाती मिले। सभी को 24 घंटे की निगरानी में क्वारंटीन में भेज दिया गया है। इस मामले में पुलिस ने मस्जिद के इमाम व मुतवल्ली सहित 18 लोगों के खिलाफ धारा 188 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इसके साथ ही पूरे गांव से मस्जिद को जाने वाले सभी रास्ते सील कर दिए गए हैं। मंगलवार को जवां थाना प्रभारी नरेश कुमार को खबर मिली कि पिलौना मस्जिद में 16 जमाती रुके हुए हैं। सूचना पर एडीएम ई केएल तिवारी, एसडीएम गभाना अनीता सिंह यादव, सीओ अनिल समानिया के साथ स्वास्थ्य टीम मस्जिद पहुंच गई।
स्वास्थ्य टीम ने सभी जमातियों की जांच की। एसडीएम ने प्रधान को निर्देश दिए कि प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालय के अलग-अलग कमरों में सभी को 14 दिन के लिए क्वारंटीन किया जाए। जमातियों ने बताया कि वे 27 फरवरी को शाहजमाल ईदगाह मस्जिद में एक दिन रुके थे।
28 फरवरी को आमना मस्जिद हमदर्द नगर जमालपुर में पहुंचे। यहां वे 10 दिन तक रुके थे। आठ मार्च से जवां मस्जिद में 10 दिन रुके थे। इसके बाद 18 मार्च को पिलौना की मस्जिद में पहुंचे थे। 22 से 24 फरवरी को शाही ईदगाह दिल्ली कसाबपुरा थाना पहाड़गंज में भी आयोजित इज्तिमा में शामिल हुए थे। ये सभी जमाती दिल्ली के निवासी हैं।