न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
एएमयू के पेपर आउट गैंग के सरगना बसपा नेता, सपा नेता के भांजे सहित चार को जेल भेजने के बाद पुलिस इस मामले में अन्य लोगों तक पहुंचने को एड़ी चोटी का जोर लगाए हुए है। इसी कड़ी में पुलिस ने मैरिस रोड के अलीगढ़ कोचिंग सेंटर के संचालक को भी बुधवार को जेल भेज दिया।
कोचिंग सेंटर संचालक से पूछताछ व उसके मोबाइल की हुई जांच में यह तय पाया गया कि उसके मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिये आरोपियों ने हल पेपर की आंसर की भेजी गई, जिसे कोचिंग सेंटर संचालक ने आगे आठ नंबरों पर फारवर्ड किया है। अब पुलिस उससे मिले नंबरों के आधार पर उन तक पहुंचने को प्रयासरत है।
एमयू के एमबीए एंट्रेंस एग्जाम में पुलिस ने पेपर आउट कराने के मामले में बसपा नेता फिरोज आलम उर्फ राजा, सपा नेता के भांजे हैदर सहित चार लोग गिरफ्तार कर जेल भेजे हैं। इनसे पूछताछ व कमरे से मिले साक्ष्यों के आधार पर तीन सॉल्वर व एक हैदर की प्रेमिका फरार है, जिसके पास यह पेपर हल होकर पहुंचा था।
पुलिस को गिरफ्तार लोगों के मोबाइल से एंट्रेंस एग्जाम के नाम से एक व्हाट्सएप ग्रुप भी मिला, जिसमें तीनों फरार सॉल्वर, प्रेमिका के अलावा चार पांच अन्य लोग शामिल थे। इनमें से एक की पहचान मैरिस रोड के अलीगढ़ कोचिंग सेंटर संचालक सुभान पुत्र मो.मीर निवासी मैरिस रोड के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने सोमवार रात गिरफ्तार कर लिया था।
उससे पूछताछ में और उसके मोबाइल की जांच में पाया गया कि उसने आरोपियों से मिली आंसर की को आगे 8 लोगों को फारवर्ड की गई है। सीओ तृतीय अनिल समानिया के अनुसार मामले में उन लोगों तक पहुंचने के प्रयास जारी हैं। साथ में फरार लोगों की गिरफ्तारी के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।