न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
सासनी। अलीगढ़ मंडल की उपनिदेशक पंचायतराज नंदिनी जैन ने शनिवार को अपनी टीम के साथ क्षेत्र के गांव द्वारिकापुर, नगला रूंद, ततारपुर मोहरिया एवं सीकुर अकबरपुर का दौरा किया। डीडी ने ग्राम प्रधान एवं ग्राम विकास अधिकारी द्वारा बनवाए गए शौचालयों का सत्यापन किया। पात्र लाभार्थियों को आवंटित शौचालयों का निर्माण मानक के अनुरूप पाया गया।
दरअसल, स्वच्छ भारत मिशन सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल है। शासन द्वारा ग्राम पंचायतों के पात्र लाभार्थियों के घर शौचालयों का निर्माण कराया जाना तय है, ताकि ग्राम पंचायतों को खुले में शौचमुक्त (ओडीएफ) का प्रमाण पत्र मिल सके। डीडी ने अपनी टीम के साथ गलियों में घूमकर शौचालय निर्माण की सत्यता को परखा। ग्राम ततारपुर के स्कूल में चौपाल लगाकर जन समस्याएं सुनीं।
स्कूल में बने शौचालय की स्थिति दयनीय पाई गई। संबंधित ग्राम पंचायत अधिकारी को स्कूल में निर्माण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद डीडी ने बताया कि इन ग्राम पंचायतों में पात्र लाभार्थियों के मकान पर शौचालयों का निर्माण पूर्ण पाया गया। निर्माण कार्य मानक के अनुरूप पाया गया है। ये ग्राम पंचायतों के लोगों को खुले में लाने से मुक्ति मिली है। इनके साथ एडीओ पंचायत दिनेश सिंघल, ग्राम विकास अधिकारी उमलेश यादव एवं उनकी टीम के सदस्य मौजूद थे।