न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
सादाबाद। अब गांव-गांव स्वच्छता का उजियारा फैलाया जा रहा है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांव में स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए सादाबाद ब्लाक की ग्राम पंचायतों में कूड़ेदान लगवाए जाने का काम शुरू कर दिया गया है। जारऊ और नौगांव ग्राम पंचायतों में 30-30 कूड़ेदान लगा दिए गए हैं, अन्य ग्राम पंचायतों में भी कूड़ेदान लगाए जाने का काम जारी है।
ग्राम पंचायत निधि राज्य वित्त आयोग से कूड़ेदान लगवाए जाने का काम चल रहा है। गांव में यह कूड़ेदान सार्वजनिक स्थलों, स्कूलों, पंचायतघरों, मंदिर, मस्जिदों के आसपास लगाए गए हैं, जिससे लोग इनका भरपूर प्रयोग कर सकें। खंड विकास कार्यालय की टीम ने ग्रामीणों से इन कूड़ेदानों का प्रयोग करने का आह्वान किया गया है।
एडीओ पंचायत देवेंद्र गौतम ने बताया कि सादाबाद की 58 ग्राम पंचायतों में यह कूड़ेदान लगाए जाने हैं। इनके लगाने के लिए स्थलों का चयन करने की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत सचिवों को सौंपी गई है। कूड़ेदान लगाए जाने में ग्राम पंचायत सचिवों को तेजी लाए जाने के निर्देश भी दिए गए हैं।