न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हसायन क्षेत्र के गांव महासिंहपुर के माजरा नगला मया में खारे पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणाें का अनशन 30वें दिन भी जारी रहा। गांव की महिलाएं भी अब घरेलू कामकाज छोड़कर अनशन में शामिल हो रही हैं।
ग्रामीणों ने ऐलान किया कि यदि 19 अगस्त तक उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो स्वतंत्रता दिवस मनाने के बाद वह क्रमिक अनशन को आमरण अनशन में तब्दील कर देंगे। ग्रामीणों ने कहा कि अनशन स्थल पर स्वतंत्रता दिवस मनाने के लिए जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं।
वक्ताओं ने कहा कि इससे बड़ी विडंबना और क्या हो सकती है कि एक तरफ सरकार लोगों को बिजली-पानी देने का दावा करती है तो दूसरी तरफ ग्रामीणों को साफ पानी के लिए भी तरसाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आखिर कब तक हम लोग साफ पानी पीने के लिए तरसते रहेंगे। इस मौके पर सुमन देवी, वीरवती देवी, वासदेवी, हेमलता देवी, मिथलेश देवी, विमला देवी, ओमवती, निर्मला, मंजू देवी, बिलकिस बेगम, चंद्रपाल सिंह, दानवीर सिंह, पवन कुमार, मंगलदेव, चोखे सिंह आदि अनेक ग्रामीण थे।