न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
सादाबाद एसडीएम ज्योत्सना बंधु ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद का निरीक्षण किया। अचानक एसडीएम के पहुंचने से स्वास्थ्य केंद्र पर हड़कंप मच गया। निरीक्षण में गंदी चादरें और बदहाल सफाई व्यवस्था पर एसडीएम खासी नाराज हुईं। उन्होंने सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किए जाने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र पर वार्ड आया किरन, डॉ. मीनाक्षी और हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. मनोज बंसल अनुपस्थित मिले। हड्डी रोग कक्ष में स्ट्रेचर और वॉश बेसिन गंदे मिले। नेत्र कक्ष में व्यवस्थाएं सही पाई गईं। एचआईवी कक्ष में डॉ. आसिफ ब्लॉक में कुल पॉजिटिव एचआईवी केसों की जानकारी नहीं दे सके। क्षय रोग कक्ष में बताया गया कि दो मरीज ड्रॉप आउट कर गए हैं।
एक मरीज सादाबाद नहीं रहता और दूसरा इलाज के लिए तैयार नहीं है। पैथोलॉजी कक्ष में असिस्टेंट लैब टेक्नीशियन हरेंद्र सिंह मौजूद मिले। यहां बताया गया कि तीन की जगह सिर्फ एक ही लैब टेक्नीशियन काम कर रहा है। इससे काम प्रभावित हो रहा है। एसडीएम ने सीएचसी प्रभारी को सीएमओ को पत्र लिखने के निर्देश दिए। दंत कक्ष में सब ठीक मिला। ओपीडी में डॉक्टर मौजूद नहीं मिले। इमरजेंसी वार्ड में तीन बैड पर बिछी चादर गंदी मिलीं। एक्सरे रूम में डॉ. मनोज मिश्रा ने बताया कि एक्सरे के लिए फिल्म की कमी चल रही है। ऑपरेशन थिएटर कक्ष में चादरें गंदी थीं। सात दिन बाद भी चादरें नहीं बदली गईं। स्टोर रूम में चीफ फार्मासिस्ट विमल शर्मा ने बताया कि अस्पताल में एंटी बायोटिक और पैरासीटामोल दवाओं की कमी चल रही है। कोल्ड चैन बंद मिली। महिला शौचालयों की स्थिति भी ठीक नहीं मिली। शौचालय पर दरवाजे नहीं थे और काफी गंदगी थी। पुरुष वार्ड में पलंग पर बिछी चादरों और सफाई की स्थिति असंतोषजनक थी। यहां बताया गया कि दो साल से कोई चादर नहीं आई। सीएचसी के बाहर गंदगी के ढेर लगे हुए मिले, बताया गया कि तीन चार दिन बाद ही नगर पंचायत का सफाई कर्मी कूड़ा उठाने आता है। अनुपस्थित डॉक्टर और कर्मियों के बारे में सीएचसी प्रभारी डॉ. दानवीर सिंह ने एसडीएम को बताया कि अधिकतर डॉक्टर व कर्मी पल्स पोलियो अभियान में लगे हुए हैं।
--------------